भाजपा विधायक ढुलू महतो पर 10 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप, कारोबारी ने दर्ज कराई प्राथमिकी

झारखंड
Spread the love

धनबाद। धनबाद स्थित बाघमारा से भाजपा विधायक ढुलू महतो पर 10 लाख रुपए रंगदारी मांगने की प्राथमिकी राजगंज थाने में दर्ज कराई गई है। उन पर आग्नेयास्त्र चमकाने, चोरी करने, धमकी देने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप है।

बोकारो के चंद्रपुरा स्थित एनएसडी कॉलोनी कोलियरी मकोली निवासी हार्डकोक व्यवसायी वरुण कुमार सिंह की शिकायत पर कांड संख्या-15/2022 दर्ज कराई गई है। मामले में ढुलू महतो के अलावा आनंद शर्मा, रामेश्वर महतो, कमल किशोर पांडेय, सुखदेव महतो और केदार यादव तथा अज्ञात 15-20 लोग आरोपी बनाए गए हैं। वरुण कुमार सिंह महेशपुर में हार्डकोक फैक्ट्री का निर्माण करा रहे हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 15 फरवरी की रात करीब 10.30 बजे 15-20 की संख्या में हरवे-हथियार से लैस लोगों ने उनके महेशपुर मौजा स्थित निर्माणाधीन फैक्ट्री में धावा बोल दिया।

जेसीबी से पूरी चहारदीवारी गिरा दी गई। अपराधी फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे व लौह सामग्री ले भागे। वरुण महेशपुर में अपनी निजी जमीन पर पिछले एक वर्ष से हार्डकोक फैक्ट्री का निर्माण करा रहे हैं। आरोप है कि पिछले सात-आठ माह से बाघमारा विधायक ढुलू महतो व उनके समर्थक उन्हें परेशान कर रहे हैं। आरोपियों ने निर्माणाधीन फैक्ट्री में आकर धमकी दी थी। उनलोगों ने मोबाइल से विधायक से उनकी बात भी करवाई थी।

उधर से कहा गया था कि वह विधायक ढुलू महतो बोल रहे हैं। फैक्ट्री लगानी है तो उनके आदमी को 10 लाख रुपए रंगदारी दो, नहीं तो फैक्ट्री का काम बंद करो, जमीन खाली कर दो। वरुण को झूठे मुकदमे में फंसाने व जान से मारने की धमकी भी दी गई। सात-आठ महीने पहले भी इसी फैक्ट्री में तोड़फोड़ की गई थी। उस वक्त भी चहारदीवारी को जेसीबी से गिरा दिया गया था। मौके पर मौजूद कर्मचारियों को भाग जाने की धमकी दी गई थी।