उत्तराखंड के बर्खास्‍त मंत्री हरक सिंह रावत हुए भावुक, लिया ये संकल्‍प

अन्य राज्य देश
Spread the love

नई दिल्ली। उत्तराखंड भाजपा मंत्रिमंडल से बर्खास्‍त मंत्री हरक सिंह रावत भावुक हो गए। उन्‍होंने नया संकल्‍प लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्‍हें कैबिनेट से बर्खास्त किया। भाजपा ने विधायक हरक सिंह रावत को 6 साल के लिए पार्टी से भी निष्कासित कर दिया है।

पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर चले एक मनगढ़ंत समाचार को आधार बनाकर उन्होंने इतना बड़ा निर्णय ले लिया। जबकि उनके सबसे अच्छे संबंध थे। उनसे बिना बात किए हुए इतना बड़ा निर्णय ले लिया गया। उनके मुताबिक यह निर्णय विनाश काले विपरीत बुद्धि वाली है।

हरक सिंह ने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार पूर्ण बहुमत से आने वाली है। मैं अब कांग्रेस से बातचीत करूंगा। मैं कांग्रेस में ही जाऊंगा और किसी पार्टी में नहीं जाऊंगा। बिना शामिल हुए भी मैं कांग्रेस के लिए काम करूंगा।

पूर्व मंत्री ने कहा कि मैं कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में अगर नहीं आया होता था तो मैं बीजेपी को 4 साल पहले ही छोड़ देता। मुझे कोई मंत्री पद का शौक नहीं है। मैं सिर्फ काम करना चाहता था। मैं अब कांग्रेस पार्टी से बात करूंगा। उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार पूर्ण बहुमत से आने वाली है।

हरक सिंह रावत के निष्कासन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारी पार्टी में वो आए। उन्होंने विकास के मामले में जो कहा, हमने किया। हमारी पार्टी वंशवाद से दूर और विकास के साथ चलने वाली पार्टी है।

सीएम ने कहा कि कई बार उनकी कुछ बातों से हम असहज हुए। स्थितियां ऐसी हुई कि वो पार्टी पर दबाव बना रहे थे, जिसके बाद पार्टी ने ये निर्णय लिया। साथ ही अब एक परिवार से एक ही व्यक्ति को टिकट दिया जाएगा।