जमशेदपुर। बड़ी खबर लौहनगरी जमशेदपुर से आ रही है। कोर्ट हाजत का वेंटिलेटर काटकर दो कैदी फरार हो गये। दोनों कैदी कदमा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। उन दोनों कैदियों को घाघीडीह जेल से पेशी के लिए कोर्ट लाया गया था। कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें वापस हाजत में रखा गया था।
उसी दौरान हाजत में मौजूद दो अन्य बंदियों की मदद से वो भाग निकले। बताया जा रहा है कि हाजत में मौजूद दो बंदियों ने भागने वाले दोनों को कंधे पर उठाकर वेंटिलेटर तक पहुंचाने में मदद की। उसके बाद दोनों ने वेंटिलेटर को लोहे के औजार से काट दिया और हाजत के पास सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गये। इस मामले के सामने आते ही पूरे पुलिस महकमे में खलबली मच गई है।
मामले की जानकारी मिलने पर वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फिलहाल मामले की जांच के साथ फरार कैदियों की जोर-शोर से तलाश शुरू कर दी गयी है। इस बीच कोर्ट हाजत की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। आखिर कैदियों ने लोहे के औजार कहां से लाये। इसका जवाब मिलना अभी बाकी है।