रांची। झारखंड में एक फरवरी से स्कूल समेत कई अन्य चीजों में छूट दी गई है। राज्य के 17 जिलों में सभी स्कूल खुल जाएंगे। वहीं रांची समेत सात अन्य जिलों में कक्षा 9 से ऊपर की क्लास चलाने की अनुमति मिल गई है। इसके साथ ही रात आठ बजे तक ही दुकानें खुलेंगी।
वहीं जिम, कोचिंग और स्टेडियम को भी खोल दिया गया है। हालांकि, स्टेडियम में दर्शक दीर्घा बंद रहेगा। शादी और अंतिम संस्कार में 200 लोगों को शामिल होने की अनुमति दी गई है। सीएम हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन प्राधिकार की बैठक में यह फैसला लिया गया।
आपदा प्रबंधन मंत्री बन्ना गुप्ता ने बताया कि रांची, पूर्वी सिंहभूम, बोकारो, चतरा, देवघर, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा जिलों में 9 से ऊपर के सभी कक्षा चालू रहेगी। स्टेडियम खोल दिए जाएंगे। खेल गतिविधियां शुरू कर दी जाएगी। स्टेडियम में दर्शक दीर्घा बंद रहेगा।
मंत्री ने कहा कि सरकार ने बहुत छूट देने का प्रयास किया है। रात 8 बजे के बाद बंदी तत्काल जारी रहेगी। उसकी समीक्षा की जा रही है। कोरोना के मामले बढ़ने पर छूट में कटौती की जाएगी। कोरोना के मामले घटने पर छूट बढ़ाई जाएगी। इसकी लगातार समीक्षा की जा रही है।