
रांची। पुलिस उप निरीक्षक (सब इंस्पेक्टर) रूपा तिर्की मौत मामले की जांच कर रहे एक सदस्यीय न्यायिक जांच आयोग ने रिपोर्ट स्थानिक आयुक्त को सौंप दी। झारखंड उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति वीके गुप्ता ने यह जानकारी दी।
न्यायमूर्ति ने बताया कि जांच रिपोर्ट स्थानिक आयुक्त एमआर मीणा को सौंप दी गई है। विधिक प्रक्रिया के तहत सरकार द्वारा अब इस रिपोर्ट को स्वीकृत किए जाने के बाद इसे सार्वजनिक किया जाएगा। सार्वजनिक करने के 6 माह के अंदर जांच रिपोर्ट को विधानसभा के पटल पर रखा जाएगा।
जानकारी हो कि झारखंड पुलिस की सब इंस्पेक्टर दिवंगत रूपा तिर्की की अप्राकृतिक मृत्यु के मामले की जांच करने के लिए झारखंड सरकार ने 8 जून, 2021 को एक सदस्यीय जांच आयोग का गठन किया था। झारखंड उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त पूर्व मुख्य न्यायाधीश विनोद कुमार गुप्ता को जांच की जिम्मेवारी दी गयी थी।
गौरतलब है कि जस्टिस गुप्ता पूर्व में हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखंड उच्च न्यायालय में भी मुख्य न्यायाधीश के रूप में अपनी सेवा दे चुके हैं। आयोग को अपनी रिपोर्ट देने के लिए 6 महीने का समय दिया गया था। यह आयोग दिवंगत रूपा तिर्की द्वारा कथित तौर पर आत्महत्या करने से संबंधित सभी विषयों को देखने को कहा गया था।
मुख्यमंत्री ने इस विषय में विशेष दखल देते हुए जांच आयोग का गठन करते हुए कार्रवाई को निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ाने का निर्देश दिया था। न्यायिक जगत के इतने प्रतिष्ठित नाम को जांच सौंपकर वे जनता के सामने अपनी मंशा को स्पष्ट कर देना चाहते थे।