आधी रात को धनबाद में भूकंप के झटके ! घरों से निकलकर बाहर भागे लोग

झारखंड देश
Spread the love

धनबाद। कोयलांचल धनबाद में रविवार की आधी रात को भूकंप के झटके महसूस किए गए। उसके बाद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग जान बचाने के लिए घर से बाहर निकल भागे, हालांकि जिले में अब तक किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है। भूकंप की आधिकारिक पुष्टि भी नहीं हुई है।

बताया जाता है कि रविवार की देर रात करीब 1.31 बजे चार-पांच सेकेंड के लिए भूकंप के झटके महसूस किए गए। उसके बाद से ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा चल निकली। किसी ने रात में सोने, तो किसी ने झटके महसूस किए जाने की बात भी कही। भूकंप के साथ-साथ तेज आवाज की चर्चा भी जोरों पर है।

लोगों ने बताया कि जोरदार आवाज भी सुनाई पड़ी थी, जिसके बाद पंखे और खिड़कियां अचानक हिलने लगीं। उसके बाद लोग जान बचाने के लिए घर से बाहर भागे। दूसरे तल या उससे अधिक ऊपर रहने वाले लोगों ने बताया कि उन्होंने भी भूकंप के झटके महसूस किए। हालांकि यह झटका ज्यादा देर तक नहीं रहा।