शराब नीति के खिलाफ भाजपा का चक्का जाम, कई भाजपा नेता गिरफ्तार

देश नई दिल्ली
Spread the love

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी सरकार की नई शराब नीति के खिलाफ भाजपा का सोमवार सुबह 9 बजे से जारी चक्का जाम 12 बजे के आसपास खत्म हो गया। इससे वाहन चालकों ने राहत की सांस ली है। दिल्ली में 15 जगहों पर जाम लगा।दिल्ली की ओर आने वाली लेन पर तकरीबन 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया था। लोगों को जाम में फंसता देख दिल्ली पुलिस ने 11 बजे के बाद सख्ती शुरू कर दी। इस दौरान विरोध कर रहे कई भाजपा नेताओं को हिरासत में भी लिया गया, जिन्हें कुछ देर में छोड़ भी दिया गया।

दिल्ली पुलिस की सख्ती के बाद दिल्ली-यूपी गेट पर 12 बजे के आसपास यातायात सामान्य हो गया। इसके अलावा, अक्षरधाम मंदिर के पास दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और एनएच-नौ पर भी यातायात सामान्य हो गया। इससे पहले कई जगहों पर रूट डायवर्जन भी रहा, लेकिन इससे ट्रैफिक पर कोई असर नहीं पड़ा, लोगों को परेशान होना ही पड़ा। दिल्ली में चक्का जाम के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने जाम खुलवाने की कड़ी में कई प्रदर्शनकारी भाजपा नेताओं को भी हिरासत में लिया गया।

इससे पहले दिल्ली में शराब के नए खुल रहे ठेकों के विरोध में सोमवार सुबह से जारी भाजपा के प्रदर्शन के चलते कई जगहों पर भीषण जाम लग गया। सोमवार सुबह चौधरी ब्रह्म प्रकाश चौक पर भी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने चक्का जाम किया, इस दौरान परेशान लोग बसों के ऊपर चढ़ गए।