भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं को किया जा रहा टारगेट : बाबूलाल मरांडी

झारखंड
Spread the love

रांची। भाजपा नेता विधायक दल एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने डॉ रविन्द्र राय की गाड़ी पर हुए हमले की कड़ी भर्त्सना की। उन्‍होंने कहा कि राज्य में जबसे हेमंत सोरेन की सरकार बनी है, तब से लगातार अपराधी, उग्रवादी और अराजक तत्वों द्वारा भाजपा कार्यकर्ता, नेता को निशाने पर लिया जा रहा है। पिछले दिनों पूर्व विधायक गुरुचरण नायक भी उग्रवादियों से बाल बाल बचे। उनके दो अंगरक्षकों को जान गंवानी पड़ी। इसके पूर्व भी राज्य के विभिन्न जिलों में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता की हत्या पिछले दो वर्षों में हो चुकी है।

मरांडी ने कहा कि आज भी जिस प्रकार रविन्द्र कुमार राय के साथ अराजक तत्वों द्वारा  दुर्व्यवहार किया गया, उसका लोकतंत्र में कोई स्थान नहीं है। राय पर जिस प्रकार से हमले हुए, घेर कर गाड़ी के शीशे तोडे़ गए। झंडा और बोर्ड को तोड़ा गया। इसमे सरकार के इशारे पर सुनियोजित षड्यंत्र से इनकार नहीं किया जा सकता।

मरांडी ने कहा कि एक तरफ पर प्रशासन राय को धनबाद जाने की इजाजत देता है। ना कोई बंदी कॉल थी, ना कोई जाम था। ऐसे में उनके ऊपर अचानक हमला बोलना  प्रशासनिक विफलता को ही दर्शाता है। लगता है कि हमलावर की ताकत प्रशासन से बड़ी है या फिर उन्हें प्रशासन का संरक्षण प्राप्त है।