मुंबई में आईएनएस रणवीर पर हुए धमाके में बिहार के अरविंद कुमार सिंह भी शहीद

देश बिहार
Spread the love

छपरा। बिहार से दुखद खबर आयी है। मुंबई में भारतीय नौसेना के डॉकयार्ड पर युद्धपोत आईएनएस रणवीर पर हुए धमाके में बिहार के अरविंद कुमार सिंह भी शहीद हो गये। अरविंद के मढ़ौरा के सिसवां गांव में शहादत की खबर पहुंचते ही मातम पसर गया। शहीद की पत्नी और बच्चे पटना एयरपोर्ट पर आ चुके हैं।

यहां बता दें कि मंगलवार को मुंबई में युद्धपोत आईएनएस रणवीर में ब्लास्ट हुआ था। इसमें भारतीय नौसेना के तीन नौसैनिक शहीद हो गये, जबकि 11 घायल बताये जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार आईएनएस रणवीर युद्धाभ्यास के बाद पूर्वी बेसपोर्ट पर लौट रहा था। इसी दौरान ब्लास्ट हुआ था। महात्मा सिंह के बड़े बेटे अरविंद कुमार सिंह 2003 में इंडियन नेवी में भर्ती हुये थे।

2007 में उनकी शादी नीलू सिंह से हुई थी। उन्हें एक लड़का दिव्यांक कुमार (7) और दो लड़की दीपिका कुमारी 10 वर्ष, मोनाली कुमारी 5 वर्ष है, जो उनके साथ ही रहते हैं। फिलहाल उनकी पोस्टिंग विशाखापत्तनम में थी और वह मुंबई में नौसेना के डॉकयार्ड पर युद्धपोत पर युद्धाभ्यास के लिये गये थे, जहां युद्धाभ्यास से लौटते वक्त उसमें ब्लास्ट हो गया।