लड़की की शादी की चल रही थी रस्‍म, मंडप में पहुंच गया प्रेमी

उत्तर प्रदेश देश
Spread the love

अवनीश कुमार

फर्रूखाबाद (उत्तर प्रदेश)। लड़की की शादी की रम्‍स चल रही थी। अचानक लड़की का प्रेमी मंडप में पहुंच गया। इसके बाद वहां बवाल मच गया। यह घटना जनपद के कमालगंज थाना क्षेत्र की है। यह मामला थाना तक पहुंच गया।

जानकारी के मुताबिक कमालगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान की पुत्री की शादी मैनपुरी जिले में तय हुई थी। युवती की बारात सोमवार शाम को आनी थी। इसकी भनक लगते ही युवती का प्रेमी साथियों के साथ रविवार रात प्रेमिका के घर में पहुंच गया। उसने मंडप उखाड़कर फेंक दिया था।

सोमवार शाम किसान ने महमदपुर अचला निवासी प्रेमी फैसल, राशिद, सलीम, वारिश, तारिक व तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। शादी समारोह में विवाद नहीं हो, इसके लिए एक दरोगा और सिपाही भी वहां तैनात किए गए। सोमवार रात करीब आठ बजे मैनपुरी जिले से बरात पहुंची।

बराती भोजन आदि कर रहे थे। इसी बीच युवती प्रेमी फैसल से शादी करने पर अड़ गई। युवती के शादी करने से इनकार करने की बात से बरातियों में खलबली मच गई। रिश्तेदार और परिजन युवती को मनाने में जुट गए। पुलिसकर्मियों ने भी काफी प्रयास किया, लेकिन युवती शादी के लिए तैयार नहीं हुई।

इस पर रात करीब एक बजे बाराती बिना दुल्हन के ही बैरंग वापस हो गए। प्रेमी युवक पक्ष के लोग दोबारा विवाद नहीं करें। इसके लिए मंगलवार को भी पुलिस युवती के घर पर तैनात रही। दोपहर को क्षेत्राधिकारी अमृतपुर अजेय कुमार शर्मा, प्रभारी थानाध्यक्ष बलवीर के साथ युवती के घर पहुंचे। सीओ ने किसान से घटना के संबंध में पूछताछ की।