JNU में फिर प्रदर्शन, उठी बाबरी मस्जिद बनाने की मांग

देश नई दिल्ली
Spread the love

नई दिल्ली। JNU एक बार फिर चर्चा में आ गया है। यहां 6 दिसंबर की रात JNUSU द्वारा बाबरी मस्जिद के समर्थन में विरोध प्रदर्शन किया गया। आरोप है कि यहां बाबरी मस्जिद के समर्थन में नारे लगे और इसे दोबारा बनाने की मांग भी उठाई गई।

6 दिसंबर 1992 में अयोध्या में बाबरी मस्जिद तोड़ी गई थी, जिसके खिलाफ यह प्रदर्शन किया गया। इस दौरान JNU छात्रसंघ के उपाध्यक्ष साकेत मून और यहां मौजूद लेफ्ट संगठनों के कार्यकर्ताओं ने बाबरी मस्जिद को दोबारा बनाने की मांग की। कहा गया कि मस्जिद को दोबारा बनाना चाहिए। इस प्रदर्शन के दौरान ”नहीं सहेंगे हाशिमपुरा,, नहीं करेंगे दादरी, फिर बनाओ, फिर बनाओ बाबरी” जैसे नारे भी लगाए गए।

JNUSU के वाइस प्रेसीडेंट साकेत मून ने कहा, प्रदर्शन के दौरान एक स्लोगन दिया गया नहीं सहेंगे हाशिमपुरा, नहीं करेंगे दादरी, फिर बनाओ, फिर बनाओ बाबरी। इसमें हाशिमपुरा और दादरी का जिक्र किया गया। ये वही जगह हैं, जहां हिंदू-मस्जिद दंगे हुए। इसी तरह बाबरी में भी हुआ था। वहां अन्याय हुआ। ऐसे में इसे फिर से बनाकर ठीक किया जाए। तभी इस अन्याय को खत्म किया जा सकता है।

जेएनयूएसयू द्वारा बुलाए गए इस प्रदर्शन के लिए रात 8:30 बजे गंगा ढाबा पर बड़ी संख्या में लेफ्ट विंग के छात्र जमा हो गए। यहां से छात्र मार्च निकालते हुए चंद्रभागा हॉस्टल तक पहुंचा। आरोप है कि इस दौरान छात्रों ने विवादित नारे भी लगाए। चंद्रभागा हॉस्टल पर कुछ छात्रों ने प्रदर्शन को संबोधित किया।