Jharkhand : कल से आसमान होगा साफ, तापमान में होगी गिरावट

झारखंड मौसम
Spread the love

रांची। झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्‍म हो गया है। शुक्रवार से आसमान पूरी तरह साफ हो जाएगा। धूप खिलेगी। कुछ जगहों पर घना कोहरा छाया रहेगा। आने वाले दिनों में तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जाएगी। यह जानकारी रांची स्थित मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने दी।

आनंद ने बताया कि पिछले 24 घंटों में झारखंड में कई जिलो में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। कल से मौसम पूरी तरह साफ हो जाएगा। दिन के 11 से 12 बजे के बाद खिली हुई धूप दिखेगी। सुबह में कहीं-कहीं घना कोहरा देखने को मिल सकता है।

आनंद ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने के बाद घना कोहरा छाना आम बात है। आने वाले 2 से 3 दिनों में सुबह के समय में घना कोहरा देखने को मिल सकता है। विजिबिलिटी की थोड़ी समस्‍या हो सकती है। इसके अलावा तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। एक-दो दिनों में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिलेगी।

आनंद ने बताया कि वर्तमान में न्यूनतम तापमान सामान्‍य से काफी बढ़ा हुआ है। शुक्रवार से उत्तरी और मध्य भाग में तापमान में गिरावट होगी। इसके बाद दक्षिणी भागों में तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। आने वाले 5 से 7 दिन मौसम शुष्क रहेगा। नया साल में भी मौसम शुष्क रहेगा।

केंद्र के मुताबिक ठंड कल से थोड़ी पढ़ेगी। उत्तर-उत्तर पश्चिमी हवा का आगमन होगा। ठंड में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। आम लोग तापमान में होने वाले बदलाव को लेकर अपना ध्यान रखें।