रांची। झारखंड में सर्दी लगातार बढ़ रही है। राज्य के विभिन्न शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रांची एयरपोर्ट स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक बीते 24 घंटे में मौसम शुष्क रहा। सबसे अधिक तापमान पाकुड़ केवीके में 26.9 और न्यूनतम तापमान रामगढ़ केवीके में 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
झारखंड की राजधानी रांची से सटे कांके में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां का अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिरसा कृषि विवि के कृषि भौतिकी एवं पर्यावरण विभाग ने तापमान दर्ज किया है।
मौसम केंद्र के मुताबिक राज्य में अगले 3 से 4 दिनों में दिन और रात के तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। आने वाले दिनों में बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। सुबह में कोहरा या धुंध छाया रहेगा। बाद में आसमान साफ रहेगा।
तापमान में आ रही कमी को देखते हुए लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। घर से बाहर निकलने से पहले वे गर्म कपड़े जरूर पहनें। बच्चे और बूढ़ों का खासतौर पर ख्याल रखने की जरूरत है। बूढे सुबह में टहलने से परहेज करें। बच्चों को पूरी तरह ढंककर रखें।
