हरियाणा। हरियाणा के हिसार की महिला थाना पुलिस ने एक महिला की शिकायत के आधार पर जननायक जनता पार्टी (JJP) के हिसार जिलाध्यक्ष रमेश गोदारा के खिलाफ दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज किया है।
आरोप है कि जजपा जिलाध्यक्ष ने युवती के साथ पहली बार साल 2017 में चंडीगढ़ के एमएलए हॉस्टल में दुष्कर्म किया और अश्लील फोटो खींच लिए। बाद में ब्लैकमेल करके कई बार उससे दुष्कर्म किया। युवती की शादी होने के बाद भी कई बार दुष्कर्म करने का आरोप है।
हरियाणा में भाजपा और जजपा गठबंधन की सरकार है। जजपा नेता दुष्यंत चौटाला हरियाणा सरकार में उप-मुख्यमंत्री हैं और रमेश गोदारा इन्हीं की पार्टी के हिसार के जिलाध्यक्ष हैं। गोदारा साल 2019 से जजपा टिकट पर आदमपुर विधानसभा से चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन जीत नहीं पाए थे।
शिकायत में कहा कि आरोपी की हरकतों के कारण उसकी शादीशुदी जिंदगी खराब हो गई। युवती की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच के लिए चंडीगढ़ पुलिस को भेज दी है। इस मामले के बारे में जजपा जिलाध्यक्ष रमेश गोदारा का पक्ष जानने के लिए उनसे कई बार संपर्क किया, परंतु उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ था।