इटली से आई भारतीय बहू सोनिया का हरिवंश राय और तेजी बच्चन ने किया था कन्यादान

देश नई दिल्ली
Spread the love

नई दिल्ली। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी आज सीडीएस विपिन रावत के निधन के चलते अपना जन्मदिन नहीं मना रही है। देश की सबसे पुरानी पार्टी, कांग्रेस के सबसे लंबे समय तक अध्यक्ष रहने वालीं सोनिया गांधी भारत की राजनीति में अलग ही रसूख रखती हैं। इटली के एक छोटे से गांव की एक साधारण सी लड़की के भारत के सबसे बड़े राजनीतिक घराने की बहू बनने की पूरी कहानी बड़ी ही दिलचस्प है।

सोनिया गांधी का असली नाम सोनिया एंटोनिया मायनो है। 9 दिसंबर 1946 को जन्मीं सोनिया गांधी मौजूदा दौर में रायबरेली, उत्तरप्रदेश से सांसद हैं। सोनिया का जन्म वैनेतो, इटली के क्षेत्र में विसेन्ज़ा से 20 किमी दूर स्थित एक छोटे से गाँव लूसियाना में हुआ था। उनके पिता स्टेफ़िनो मायनो एक भूतपूर्व फासिस्ट सिपाही थे। 1964 में सोनिया कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में बेल शैक्षणिक निधि के भाषा विद्यालय में अंग्रेज़ी भाषा का अध्ययन करने गयीं थीं, जहां उनकी पहली मुलाकात देश के पूर्व पीएम राजीव गांधीं से हुई थी। पहली मुलाकात कैसे प्यार में बदल गई, इसका पता दोनों लोगों को भी नहीं चला। 1968 में दोनों का विवाह हुआ जिसके बाद वे भारत में रहने लगीं।

सोनिया शादी से पहले हरिवंश राय बच्चन के घर पर ठहरी थीं और हरिवंश राय और तेजी बच्चन ने ही सोनिया गांधी का कन्यादान किया था। 1983 में सोनिया ने भारतीय नागरिकता स्वीकार की थी। विदेशी और बाहरी महिला का दंश झेलने वाली सोनिया गांधी ने जब यूपीए में फूंक भरकर सत्ता में वापसी कराई तो उन्होंने पीएम पोस्ट का त्याग किया था। जिसके बाद मशहूर शायर मनुव्वर राणा ने उन्हें त्याग की देवी और रीयल मदर इंडिया कहा था। सोनिया को विश्व की मशहूर पत्रिका फोर्ब्स ने विश्व की सशक्त महिलाओं की लिस्ट में भी शामिल किया था।