
रांची। रांची रेल मंडल यात्रियों की सुविधा के लिए हमेशा तत्पर है। प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आवागमन यहां होता है। रेल प्रशासन यात्रियों को और अधिक एवं बेहतर सुविधा देने के लिए हमेशा प्रयासरत है। रांची रेलवे स्टेशन पर निरंतर यात्री सुविधाओं में वृद्धि हो रही है। इस क्रम में 31 दिसंबर, 2021 को रांची विधायक सीपी सिंह ने मंडल रेल प्रबंधक प्रदीप गुप्ता की उपस्थिति में रांची रेलवे स्टेशन पर प्रीपेड ऑटो सेवा प्रणाली का शुभारंभ किया।
इस सेवा के प्रारम्भ हो जाने से यात्रियों को विशेषकर बुजुर्ग, महिला, बच्चे, दिव्यांग और बीमार यात्रियों को स्टेशन से अपने गंतव्य तक जाने में सहूलियत होगी। रांची रेलवे स्टेशन से रांची शहर के विभिन्न स्थानों के लिए निर्धारित शुल्क पर यात्रियों को ऑटो रिक्शा उपलब्ध कराई जाएगी। कुछ ऑटो चालकों द्वारा लिए जाने वाले मनमानी किराए से छुटकारा मिलेगा। महिला यात्रियों को सुरक्षित अपने गंतव्य तक जाने में सहायक होगा।
इस प्रीपेड ऑटो सेवा प्रणाली के तहत यात्रा शुल्क के रूप में भुगतान की जाने वाली राशि का निर्धारण जिला परिवहन विभाग से अनुमोदन के फलस्वरूप एक निश्चित मानक के तहत किया गया है। किसी प्रकार की असुविधा होने पर यात्री 139 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते है।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) अमित कंचन, वरिष्ठ मंडल यातायात प्रबंधक सह मुख्य जनसंपर्क अधिकारी आदित्य कुमार चौधरी, मंडल सुरक्षा आयुक्त प्रशांत यादव, मंडल अभियंता (दक्षिण) दीपक कुमार, सहायक सुरक्षा आयुक्त पावन कुमार अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी रांची स्टेशन पर उपस्थित थे।