
विवेक चौबे
गढ़वा। जिले के कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत गोसांग गांव निवासी 60 वर्षीय डोमन रजवार की मौत ठंड लगने से हो गई। इसके बाद घर में कोहराम मच गया। पुत्रियों ने पिता के शव को बंधा दिया। उनका अंतिम संस्कार किया। यह दृश्य देखकर पूरा गांव गमगीन हो गया।
घटना गुरुवार की सुबह करीब 5 बजे की है। वे अत्यंत निर्धन थे। उनकी 6 पुत्रियां हैं। इनमें दो की शादी हो गई है। जब रोती-बिलखती बेटियां शव को अपने कंधों पर उठाकर चलीं, तब पूरा गांव गमगीन हो गया। बेटियों ने बेटों का फर्ज अदा किया। इस शव यात्रा में काफी संख्या में ग्रामीण भी सहयोग देते हुए शामिल हुए। अंतिम दाह-संस्कार पासी के जरही नाला में किया गया।
मृतक के बड़े भाई मुंद्रिका रजवार ने बताया कि डोमन को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास मिला था। इसके अलावे आवास निर्माण के लिए उन्होंने समूह से 2 लोन 30-30 हजार रुपए का लिया था। वे ऋण भी नहीं चुका पाए।
डोमन की मौत होने से पत्नी सहित पूरे परिवार को काफी दिक्कत हो गई। कर्ज का बोझ उनके सिर पर है। मृतक के बड़े भाई सहित ग्रामीणों ने सभी लोन के पैसों को माफ कराने की मांग की है।