
हजारीबाग। हजारीबाग के बड़कागांव प्रखंड मुख्यालय से 14 किलोमीटर दूर डाड़ीकला ओपी क्षेत्र के ऊपर डाड़ी गांव में लालदेव महतो के घर में कोयला चूल्हा के गैस से दम घुटने से दादी-पोती की मौत हो गई। वहीं तीन महिलाएं गंभीर हैं। इनमें दो का इलाज हजारीबाग के जनता हॉस्पिटल में चल रहा है, वहीं एक महिला को रांची रेफर कर दिया गया है। इस हादसे में 75 वर्षीय दादी नेमन माेसोमात (पति कालहा महतो) और तीन वर्षीय पोती आदित्या कुमार शामिल है।
आदित्य कुमारी भीम प्रकाश महतो की पुत्री थी, जबकि घायलों में लालदेव महतो की पत्नी 45 वर्षीय रूपम देवी, भीम प्रकाश महतो की पत्नी 24 वर्षीय पूनम देवी एवं दिलीप महतो की 21 वर्षीय पुत्री बबीता कुमारी जिंदगी और मौत से जूझ रही है। मृतक के परिजन भीम प्रकाश महतो ने बताया कि त्रिवेणी सैनिक कंपनी की ओर से ऊपर डाड़ी गांव में ओबी कार्य को लेकर घर को खाली कराया जा रहा है। इसीलिए दूसरे स्थान में नया घर बना रहे थे।
फिलहाल झोपड़ीनुमा घर में रह रहे थे। 28 दिसंबर की रात खाना खाकर सभी सो गए, जबकि घर की अन्य महिलाएं एक ही झोपड़ी में सोने के लिए चली गई। जिस झोपड़ी में महिलाएं सो रही थीं, वहीं पर ठंड से बचने के लिए कोयले का चूल्हा जला रखी थीं।