ओमिक्रोन से बचने के लिए लोगों को जागरूक कर रहा रथ, दे रहा सलाह

झारखंड
Spread the love

निरसा (धनबाद)। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के क्षेत्रीय लोक संपर्क ब्यूरो (एफओबी) धनबाद द्वारा संचालित जागरुकता रथ रविवार को धनबाद जिले का निरसा प्रखंड पहुंचा। इससे ब्लॉक ऑफिस, निरसा बाजार, बस स्टैंड, मेन जीटी रोड एवं अन्य क्षेत्रों में 100 करोड़ टीकाकरण अभियान, हर घर दस्तक, आत्मनिर्भर भारत, वोकल फॉर लोकल, जल जीवन मिशन जैसे केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं पर लोगों को जागरूक किया गया।

जन जागरुकता के तहत योजनाओं की जानकारी से साथ फ्लेक्स बोर्ड पर चिन्हित इंफोरग्राफिक्स के माध्यम से कोविड-19 टीकाकरण कराने की अपील की गई। कोरोना संक्रमण की नई लहर ओमिक्रोन से बचने के लिए मास्क पहनने, दूरी बनाने एवं भीड़ भाड़ वाली जगहों से बचने की सलाह दी गई।

रथ के साथ चल रहे क्षेत्रीय प्रचार सहायक राजकिशोर पासवान ने बताया कि रथ के माध्‍यम से लोगों को भारत सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जहां भी रथ रुक रहा है, वहां काफी संख्या में लोग रथ पर प्रकाशित जानकारी के बारे में सवाल भी पूछे। बताया कि किन योजनाओं का उन्हें लाभ मिला है या वह कोशिश में हैं।

जागरूकता रथ का उद्घाटन 18 दिसंबर को धनबाद सदर के विधायक राज सिन्हा एवं सिविल सर्जन द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया गया था। इस दौरान रथ ने धनबाद के लगभग सभी प्रमुख स्थान एवं प्रखंडों में भ्रमण कर भारत सरकार की योजनाओं का प्रचार प्रसार किया है। बोकारो जिले में भी प्रमुख स्थानों पर जाकर जन जागरुकता फैलाने का कार्य किया।

गिरिडीह जिले में 24 और 25 दिसंबर को जागरुकता रथ चलाया गया। वहां इसे गिरिडीह जिला परिषद अध्यक्ष राकेश कुमार महतो एवं सिविल सर्जन शिव प्रसाद मिश्रा द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर जिले के प्रमुख स्थानों पर जागरुकता प्रचार के लिए रवाना किया गया।

रथ के माध्यम से सरकार की विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी दी जा रही है। 27 दिसंबर, 2021 जागरुकता रथ अभियान का अंतिम दिन होगा। इस दौरान रथ ने धनबाद, बोकारो और गिरिडीह जिले के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया है।