भगवान राम के नाम भाजपा ने मचा रखी है लूट : आभा सिन्‍हा

Uncategorized
Spread the love

रांची। अध्‍योध्‍या में भगवान राम के बन रहे भव्य मंदिर के नाम पर चंदे की लूट की। अब अयोध्या नगरी में भाजपाई संपत्ति एकत्र कर रहे हैं। यह सब भाजपा द्वारा देशवासियों के लूट को दर्शाता है। यह रामद्रोह नहीं तो और क्या है? उक्‍त बातें झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता आभा सिन्हा ने कही।

श्रीमती सिन्‍हा ने कहा कि ‘राम नाम को अंक है, सब साधन है सुन। अंक गए कछु हाथ नहीं, अंक रहे दस गून।’ अर्थात संसार में राम नाम ही अंक हैं, बाकी सब साधन शून्य है। राम नाम रूपी अंक के बिना कुछ भी नहीं रहता है, लेकिन शून्य के आगे अंक लगने पर वह दस गुना हो जाता है। हालांकि राम नाम की आस्था को खंडित करके कुछ हासिल नहीं होता, बल्कि 10 गुना नुकसान होता है। इससे भाजपाईयों को सीख लेनी चाहिए।

प्रवक्‍ता ने कहा कि अयोध्या में मर्यादा पुरूषोतम राम के नाम पर मर्यादा को ताक पर रखकर भाजपा सरेआम लूट मचा रही है। एक तरफ आस्था का दीया जलाया गया। दूसरी तरफ आस्था के उस दीये के अंधेरे के नीचे भगवान श्रीराम के नाम पर भाजपाईयों द्वारा लूट मचाई गयी है, जो एक कड़वा सच है।

श्रीमती सिन्‍हा ने कहा कि भाजपाईयों द्वारा राम मंदिर ट्रस्ट को महंगी जमीने बेचकर करोड़ों का मुनाफा कमाया गया। चंदे की चोरी की गई। पूरे देश ने देखा कि किस प्रकार से 5 मिनट में दो करोड़ रुपए की जमीन 18 करोड़ में राम मंदिर ट्रस्ट को बेच दी गई। चंदे की चोरी कर ली गई, जिसे करोड़ों-करोड़ों भारतीयों ने आस्था के प्रति भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण के लिए दिया था। 20 लाख की जमीन ढ़ाई करोड़ में राम मंदिर ट्रस्ट को बेच दी गई। साढ़े बारह सौ प्रतिशत मुनाफा मात्र 79 दिन में कमा लिया गया और राम मंदिर ट्रस्ट के अंदर जो करोड़ों-करोड़ों भारतीयों का चंदा है, उसे लूट लिया गया।