बिहार: मुजफ्फरपुर में कुरकुरे फैक्ट्री में बॉयलर फटने से 10 की मौत, अखबार का प्रिंटिंग प्रेस भी क्षतिग्रस्त

देश बिहार
Spread the love

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर में रविवार को मोदी कुरकुरे और नूडल्स फैक्ट्री में बॉयलर फटने से 10 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। वहीं कई लोग जख्मी हो गए। आग की लपटों के कारण एक दैनिक अखबार प्रिंटिंग प्रेस को भी काफी क्षति पहुंची है। औद्योगिक क्षेत्र स्थित कुरकुरे और नूडल्स फैक्ट्री के आसपास की अन्य फैक्ट्रियों के लोगों के भी जख्मी होने की सूचना है।

मौके पर एसपी-डीएम सहित कई आला अधिकारी मौजूद हैं। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। जि‍लाधिकारी प्रणव कुमार ने अब तक 6 मौतों की पुष्टि की है। हादसे के समय फैक्ट्री के अंदर कितने लोग काम रहे थे इसकी जानकारी नहीं मिल पायी है। राहत और बचाव का कार्य जारी है। इसी बीच ट्रैक्टरों से फैक्ट्री के गेट को बंद कर दिया गया है।

आसपास के लोगों ने बताया कि बॉयलर फटने से जोरदार आवाज हुई। इससे खिड़की और दरवाजे तक हिल गए। यहां काम करने वाले कर्मचारियों के परिजन अपनों को ढूंढ रहे थे। वहीं प्रशासन के अधिकारी लोगों को अंदर जाने से रोक रहे थे। इस क्रम में एक दैनिक अखबार का प्रिंटिंग प्रेस के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुजफ्फरपुर जि‍ले की एक निजी फैक्ट्री में बॉयलर विस्फोट की घटना में मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।