अवनीश कुमार
नवाबगंज (उत्तर प्रदेश)। चुनावी रंजिश के चलते विवाद होने पर दो पक्षों में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से क्षेत्र में दहशत फैल गई। वहीं गोली लगने से अधेड़ महिला घायल हो गई। उसे उपचार के लिए नवाबगंज सीएचसी में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के कुतुबुद्दीनपुर निवासी राघवेन्द्र यादव उर्फ रिन्कू प्रधानी का चुनाव लड़ा था। उसे संजीव यादव की पत्नी सुनीता देवी ने पराजित कर प्रधानी हासिल कर ली थी। इसी चुनाव से दोनों पक्ष एक दूसरे का अपना विरोधी मानने लगे। शुक्रवार को दिन में रिन्कू यादव व राजीव यादव के बीच कहासुनी हो गई थी। सूचना पर पहुंची 100 डायल ने मामला समझा बुझाकर शांत करा दिया था।
देर शाम दोनों पक्षों में ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। लगभग आधा सैकड़ा से अधिक गोली चलने का अनुमान लगाया जा रहा है। इससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। इस दौरान रिन्कू यादव की 47 वर्षीय मां सरोजनी देवी पत्नी रामवीर यादव गोली लगने से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
सूचना पर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच गये। राजीव यादव ने बताया कि रिन्कू दरवाजे पर चड़कर गालियां दे रहा था, मना करने पर फायरिंग कर दी। घायल महिला के पुत्र ने राजीव, संजीव व उनके 20-25 अज्ञात साथियों पर फायरिंग करने का आरोप लगाया। फिलहाल पुलिस को किसी ओर से तहरीर नहीं दी गई। वहीं पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जायेगी।