नई दिल्ली। मीडिया के बदले हुए अंदाज़ के मौजूदा दौर में भी अपने बेबाक अंदाज़ में अपनी बात बुलंदी के साथ कहने के लिए मशहूर वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ की हालत बेहद नाजुक है। वह इस समय राजधानी दिल्ली के एक अस्पताल के सघन चिकित्सा इकाई यानी आईसीयू में भर्ती हैं और उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
विनोद दुआ की बेटी एवं अभिनेत्री मल्लिका दुआ ने सोमवार को ट्विटर के जरिये यह जानकारी दी। दुआ को इस साल की शुरुआत में कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आज शाम दुआ के निधन की अफवाहें सोशल मीडिया पर आने के बाद मल्लिका दुआ ने लिखा कि‘मेरे पिता जी आईसीयू में हैं और उनकी हालत अत्यंत नाजुक है।
उनका स्वास्थ्य अप्रैल से तेजी से खराब हो रहा था। वह अपने जीवन की किरण खो जाने के सदमे से अभी तक उबर नहीं पाए हैं। उन्होंने असाधारण जीवन जिया है और हमें भी ऐसा ही जीवन दिया है। वह किसी तकलीफ के हकदार नहीं हैं। वह बहुत प्रिय और श्रद्धेय हैं। मैं आप सबसे यह प्रार्थना करने का अनुरोध करती हूं कि उन्हें कम से कम तकलीफ हो।’ मल्लिका ने आग्रह किया कि लोग अफवाहों पर यकीन न करें न ही उन्हें फैलाने में शामिल हों। जो भी स्थिति होगी वह स्वयं उसकी सूचना दे देंगी।
बता दें कि दूरदर्शन और एनडीटीवी जैसे समाचार चैनलों में लंबे समय तक सेवाएं दे चुके और हिंदी पत्रकारिता के जाने माने चेहरे 67 वर्षीय विनोद दुआ की पत्नी पद्मावती ‘चिन्ना’ दुआ का कोविड-19 के खिलाफ लंबी लड़ाई लड़ने के बाद जून में निधन हो गया था।