अफीम तस्कर सुमित उर्फ नन्हकू गिरफ्तार, पंजाब और हरियाणा में दर्ज हैं कई मामले

झारखंड
Spread the love

पलामू। झारखंड का बड़ा अफीम तस्कर सुमित उर्फ नन्हकू गिरफ्तार हो गया है। उसकी तलाश झारखंड पुलिस के साथ पंजाब और हरियाणा की पुलिस भी कर रही थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुख्यात तस्कर मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के बैरिया इलाके में रह रहा है। उसके बाद पिपराटांड़ और टीओपी-3 की पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अफीम तस्कर नन्हकू पर झारखंड के साथ-साथ हरियाणा और पंजाब के इलाके में भी कई मामले दर्ज हैं। वर्ष 2020 के शुरुआती महीने में पंजाब पुलिस ने अफीम तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया था। उस दौरान यह बात सामने आयी थी कि तस्कर ट्रकों की स्टेपनी में छिपा कर अफीम की तस्करी कर रहे हैं। पूरा नेटवर्क झारखंड से जुड़ा था और मास्टरमाइंड नन्हकू को बताया गया था।

पुलिस ने उस दौरान 70 किलो अफीम जब्त किया था। इस कार्रवाई के बाद से ही नन्हकू फरार चल रहा था। नन्हकू क्षेत्र में झाड़-फूंक का काम करता था। इसी दौरान उसने अफीम की तस्करी का काम काम शुरू किया था। आज वह झारखंड के बड़े अफीम तस्करों में से एक है। नन्हकू पर पिपराटांड़, चतरा के प्रतापपुर समेत कई इलाकों में प्राथमिकी दर्ज है।