
रांची। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने झारखंड प्रदेश राजद की पूरी कमेटी भंग कर दी है। जारी अधिसूचना में कहा गया है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद के निर्णय के अनुसार राजद के प्रदेश संगठन सहित सभी प्रकोष्ठों को तत्काल प्रभाव से भंग किया जाता है। अब पार्टी के नेतृत्व की ओर से झारखंड में जल्द ही नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा होगी।
पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी की ओर से यह अधिसूचना जारी हुई है। झारखंड प्रदेश राजद में आंतरिक कलह सतह पर आने और प्रदेश प्रवक्ता समेत अन्य नेताओं को पार्टी से हटाए जाने के बाद से ही पार्टी में विवाद शुरू हो गया था। झारखंड के तत्कालीन राजद प्रदेश अध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने प्रदेश प्रवक्ता डॉ मनोज कुमार समेत चार अन्य नेताओं को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था।
हालांकि राष्ट्रीय अध्यक्ष की अनुमति से निष्कासन के कुछ घंटे बाद ही डॉ मनोज कुमार को दोबारा पार्टी प्रवक्ता बना दिया गया। झारखंड राजद प्रदेश अध्यक्ष अभय सिंह के अलावा सुभाष यादव व रंजन कुमार के खिलाफ भी पार्टी के अन्य लोग गोलबंद हो गए थे। संभावना यह भी जताई जा रही है कि पार्टी के आंतरिक विवाद को खत्म करने के लिए ही झारखंड प्रदेश राजद के सभी प्रकोष्ठों को भंग किया गया है। इसके बाद नये सिरे से प्रदेश संगठन के गठन की तैयारी होगी। पिछले कुछ दिनों से झारखंड राजद के अंदर खींचतान का असर पार्टी के कार्यों पर पड़ रहा था।
गुटबाजी चरम पर होने के कारण पदाधिकारी अपने-अपने तरीके से पार्टी को चलाना चाहते थे। इसके कारण पार्टी की गतिविधियों पर असर दिखने लगा था। इसको देखते हुए ही राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव को हस्तक्षेप करना पड़ा। उसके निर्देश पर पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दिकी ने झारखंड प्रदेश संगठन सहित सभी प्रकोष्ठ को तत्काल प्रभाव से भंग करने संबंधी अधिसूचना जारी की।