नई दिल्ली। मित्रों, आज आठ नवंबर है। ये तारीख आपको याद है न। अगर याद नहीं है तो कोई बात नहीं। हम आपको याद दिलाते हैं। आज से पांच साल इसी दिन रात आठ बजे देश में भूचाल आया था। देश में प्रचलित दो नोट तत्काल प्रभाव से बेकार हो गये थे।
पांच साल पहले यानी 8 नवंबर, 2016 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रात आठ बजे देश को संबोधित किया था। उन्होंरने तब 500 और 1000 रुपये के नोटों को अवैध घोषित कर दिया था। जब यह फैसला लिया गया, उस वक्त चलन में मौजूद करेंसी का 86 फीसदी हिस्सा इन्हीं दोनों नोटों का था।
नोट बंद होने की घोषणा के बाद देश में भूचाल आ गया था। इसके बाद लोगों के घरों में मौजूद इन नोटों को एक सीमा तक बैंक खातों में जमा करने की इजाजत दी गई थी। इस घोषणा के बाद बैंक के बाहर लोगों की लंबी लाइन लग गई थी। एटीएम से नोट गायब हो गये थे। बैंक से पैसा निकालने के लिए भी लंबा इंतजार करना पड़ता था।
इस घोषणा के महीनों बीत जाने के बाद भी कई जगह पुराने नोट पकड़े गये। कुछ जगहों पर ये अधजले मिले। कहीं नाला तो कहीं अन्यन जगहों पर फेंके भी पाये गये। पीएम की इस घोषणा का असर कई उद्योगों पर भी जबरदस्त रूप से पड़ा था। कुछ की आमदनी में भारी गिरावट दर्ज की गई थी। उसके बाद ऑनलाइन का प्रचलन बढ़ा था।