बिहार में भीषण सड़क दुर्घटना, दिवंगत अभिनेता सुशांत के परिवार सहित 6 की मौत

देश बिहार मुख्य समाचार
Spread the love

पटना। बिहार के लखीसराय में भीषण सड़क दुर्घटना हुई है। इसमें 6 लोगों की मौत हो गई। कई लोग घायल हो गये। मृतकों में कई मृतक दिवंगत फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के रिश्तेदार हैं। घायलों को पुलिस ने अस्‍पताल पहुंचाया है। कई की स्थिति गंभीर है। मरने वालों की संख्‍या बढ़ भी सकती है।

यह घटना 16 नवंबर की सुबह करीब 6 बजे लखीसराय जिले के सिकंदरा-शेखपुरा एनएच-333 पर हलसी थाना क्षेत्र के पिपरा गांव के समीप घटी। यहां एलपीजी सिलेंडर से लदे ट्रक और सूमो विक्टा की आमने सामने की भिड़ंत हो गई। इस घटना में 6 लोगों की मौत हो गई। 4 अन्य घायल हो गये। मिली जानकारी के अनुसार कई मृतक दिवंगत फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के रिश्तेदार हैं।

टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। मरने वाले सभी छह लोग सूमो में सवार थे। हादसे के बाद मॉर्निंग वॉक कर रहे लोगों ने इसकी सूचना हलसी थाने की पुलिस को दी। पुलिस ने शवों को कब्‍जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी है। घायलों की स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सालय से पटना रेफर किया गया है। सूमो और ट्रक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सूमो के परखच्चे उड़ गए।

बताया जा रहा है सभी लोग लालजीत सिंह की पत्नी के दाह संस्कार में शामिल होने पटना गए थे। परिवार के कुल 15 लोग दो वाहनों से वापस लौट रहे थे, उनमें एक टाटा सूमो हादसे की शिकार हो गई। ट्रक पटना की ओर से जा रही थी, जबकि टाटा सूमो में सवार लोग जमुई खैरा लौट रहे थे। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मौके पर भीड़ लग गई।