झारखंड में 50 फीसदी कोरोना के नये मामले अब भी राजधानी रांची से

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड की राजधानी रांची में लोग कोरोना को लेकर बेपरवाह हो गये हैं। इसका असर दिख रहा है। यहां पूरे राज्‍य के 50 फीसदी नए मरीज अब भी मिल रहे हैं। सरकार के दिशा-निर्देश के बाद भी लोग इसका पालन नहीं कर रहे हैं। भीड़-भाड़ वाले इलाकों में लोग मास्‍क तक नहीं पहन रहे हैं।

रांची जिला प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक 11 नवंबर को झारखंड में कोरोना के 12 नये मामले मिले थे। इसमें रांची से 6 मामले थे। बीते 10 नवंबर को पूरे झारखंड में 19 नये मरीज मिले। रांची में 15 नये मरीज मिले। इसके साथ ही, रांची में वर्तमान में एक्टिव मरीजों की संख्या 99 हो गई है। प्रशासन के अनुसार कुल पॉजिटिव केस की संख्‍या 86,242 है। इलाज के बाद 84,554 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं।

स्‍वास्‍थ्‍य विभाग के मुताबिक नये मामले मिलने के साथ ही झारखंड में पॉजिटिव मामलों की संख्‍या बढ़कर 3,48,960 हो गये हैं। वर्तमान में 149 सक्रिय मामले हैं। इलाज के बाद 3,43,673 लोग ठीक हो चुके हैं। कोरोना से 5,138 लोगों की मौत हो गई है।