बीएयू के तीन वैज्ञानिक को मिला अंतरराष्ट्रीय अवार्ड

झारखंड
Spread the love

  • डॉ पंकज सेठ झारखंड सेवा रत्न अवार्ड से सम्मानित

रांची। पशुचिकित्सा के क्षेत्र में प्रसार शिक्षा के माध्यम से उत्कृष्ट योगदान के लिए बिरसा कृषि विश्वविद्यालय अधीन संचालित कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), सरायकेला के वैज्ञानिक (पशुपालन) डॉ पंकज सेठ और केवीके, गढ़वा की वैज्ञानिक (पशुपालन) डॉ सुषमा ललिता बाखला को अंतरराष्ट्रीय फेलो अवार्ड-2021 से सम्मानित किया गया है। कृषि कीट विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र (चियांकी, पलामू) के कनीय वैज्ञानिक सह सहायक प्राध्यापक डॉ नजरुसलाम को अंतरराष्ट्रीय आउटस्टैंडिंग अचीवमेंट अवार्ड-2021 मिला है।

बीएयू के दोनों केवीके वैज्ञानिकों को श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (देहरादून, उत्तराखंड) में आयोजित तृतीय अंतरराष्ट्रीय कांफ्रेंस में कुलपति डॉ यूएस रावत एवं निदेशक (अभियंत्रण एवं तकनीकी संस्थान) डॉ गर्ग द्वारा यह अवार्ड दिया गया। डॉ नजरुसलाम को यह अवार्ड ऑनलाइन माध्यम से मिला।

इस अंतरराष्ट्रीय कांफ्रेंस का आयोजन एग्रीकल्चरल एंड एनवायरनमेंट टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट सोसाइटी (उत्तराखंड) द्वारा 17 और 18 अक्टूबर को ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से किया गया था। खाद्यान सुरक्षा, पर्यावरण सुरक्षा एवं टिकाऊ विकास के लिए कृषि, वानिकी एवं व्यावहारिक विज्ञान के क्षेत्र में वैश्विक पहल विषयक इस कांफ्रेंस में भारत सहित चीन, ईरान, तुर्की, सीरिया, बंगलादेश एवं मलेशिया के करीब 500 वैज्ञानिकों ने भाग लिया।

केवीके वैज्ञानिक डॉ पंकज सेठ को विश्व सेवा परिषद्, रांची द्वारा झारखंड में कृषि एवं पशुपालन उद्यमिता विकास के क्षेत्र में विशिष्ट सेवा एवं अमूल्य योगदान के लिए झारखंड सेवा रत्न अवार्ड-2021 से भी सम्मानित किया गया है। वैज्ञानिकों की इस सफलता पर कुलपति डॉ ओंकार नाथ सिंह ने शुभकामना दी। निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ जगरनाथ उरांव एवं अन्य केवीके वैज्ञानिकों ने बधाई दी है।