
रांची। बड़ी खबर यह है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक रामदास सोरेन ने पूर्व कोषाध्यक्ष रवि केजरीवाल पर हेमंत सरकार को गिराने के लिए साजिश रचने का आरोप लगाया है।
इस बाबत रामदास सोरेन ने रांची के धुर्वा थाना में 12 अक्टूबर को मामला भी दर्ज कराया है। सोरेन का आरोप है कि जेएमएम से निष्कासित पूर्व कोषाध्यक्ष केजरीवाल और अशोक अग्रवाल उनके आवास पर आये थे। जहां दोनों ने जेएमएम के अन्य विधायकों का नाम लेकर उन्हें पार्टी छोड़ने के लिए आर्थिक प्रलोभन दिया। फिर कहा कि वे नई पार्टी बनाकर भाजपा के साथ सरकार बनाएंगे। रामदास का आरोप है कि इस घटना से पूर्व में भी रवि केजरीवाल ने दो-तीन बार उनसे मोबाइल पर भी संपर्क किया था।
विधायक रामदास सोरेन का आरोप है कि रवि केजरीवाल ने उन्हें यह भी प्रलोभन दिया कि उन्हें पैसे के साथ मंत्रीपद भी दिया जायेगा। यह भी कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार गिराने के लिए वे कितना पैसा लेंगे उन्हें बतायें। दर्ज प्राथमिकी में आरोप है कि रवि केजरीवाल और अशोक अग्रवाल मिलकर हेमंत सोरेन की सरकार को गिराने का षडयंत्र कर रहे और तरह-तरह का प्रलोभन उन्हें व उनकी पार्टी के अन्य विधायकों को दे रहे हैं।