छत्तीसगढ़ में हो रहा राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव, झारखंड के सीएम को न्योता

झारखंड
Spread the love

रांची (झारखंड)। छत्तीसगढ़ सरकार ‘राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव 2021’ का आयोजन कर रही है। यह 28 अक्टूबर से 1 नवंबर, 2021 तक होगा। इसमें शामिल होने के लिए झारखंड के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन को न्योता मिला है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पत्र के माध्यम से महोत्सव में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया है।

रांची के कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में 13 अक्टूबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से छत्तीसगढ़ के विधायक एवं संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर ने मुलाकात की। उक्त कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रण पत्र दिया। चंद्राकर ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि छत्तीसगढ़ में देश और विश्व की सबसे प्राचीन आदिम सभ्यताएं आज भी जीवित हैं। इन सभ्यताओं के संरक्षण और उनके मूल स्वरूप को अक्षुण्ण बनाए रखने की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा कार्य किए जा रहे हैं। आदिवासी संस्कृति, लोक नृत्य, और लोक संगीत और लोक कलाओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

चंद्राकर ने बताया कि इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा ‘राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव 2021’ का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव में झारखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे आदिवासी लोक गीत-संगीत तथा नृत्य क्षेत्र के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। विधायक ने मुख्यमंत्री से कहा कि उनके आगमन से छत्तीसगढ़ की धरा में आयोजित इस महोत्सव की शोभा बढ़ेगी।

इस अवसर पर विनोद चंद्राकर द्वारा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध आदिवासी लोक शिल्प बस्तर आर्ट से बनी स्मृति चिन्ह भेंट की गई। सोरेन ने विनोद चंद्राकर को धन्यवाद दि‍या। उक्त महोत्सव के सफल आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ सरकार को अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं। मौके पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, छत्तीसगढ़ प्रशासनिक सेवा के अधिकारी राकेश कुमार गोलछा एवं अन्य मौजूद थे।