पलामू। करीब छह माह के बाद पलामू में एक बार फिर कोरोना संक्रमित मिला है। पलामू पुलिस ने एक महिला ड्रग पैडलर को गिरफ्तार किया है। जब उसकी कोरोना जांच कराई गई, तो वह कोविड पॉजिटिव मिली है।
पुलिस ने गिरफ्तार ड्रग पैडलर को डेडिकेटेड कोविड केयर सेंटर (एमएमसीएच)में भेज दिया है। पलामू पुलिस ने ड्रग पैडलरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इसमें पलामू से एक महिला और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वहीं दो युवकों को गढ़वा से गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार ड्रग पैडलरों का नेटवर्क गढ़वा और बिहार के सासाराम तक फैला हुआ है। उनके खिलाफ पुलिस बड़ी कार्रवाई कर रही है। मेदिनीनगर टाउन थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि जेलहाता के इलाके में एक महिला हेरोइन बेच रही है। इसी सूचना के आलोक में पुलिस ने छापेमारी कर महिला को गिरफ्तार किया। महिला की निशानदेही पर पुलिस ने मेदिनीनगर में ही छापेमारी कर राजा उर्फ राजू नाम के युवक को गिरफ्तार किया।
वहीं गढ़वा में छापेमारी कर राकेश कुमार गौड़ और बजरंगी कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया। टाउन इंस्पेक्टर अरुण कुमार महथा ने बताया कि ड्रग पैडलरों का नेटवर्क गढ़वा और बिहार के सासाराम तक फैला हुआ है। पैडलरों के पास से पुलिस ने 13 ग्राम हेरोइन बरामद किया है।
ड्रग पैडलर युवाओं को जोड़ रहे हैं। एक पुड़िया 200 से 800 रुपए में बेची जाती है। बिहार के सासाराम की एक महिला इस अवैध कारोबार की मास्टरमाइंड है। टाउन थानेदार अरुण कुमार महथा ने बताया कि महिला को छत्तीसगढ़ पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए कार्रवाई कर रही है।