बड़ा स्‍पीड ब्रेकर होने से जीप की स्‍टेयरिंग फेल, सड़क से आठ फीट गिरा नीचे

झारखंड
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। सड़क पर बड़ा स्‍पीड ब्रेकर होने से सवारियों से भरे जीप की स्‍टेयरिंग फेल हो गयी। इससे यह सड़क के आठ फीट नीचे गिरकर पलट गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने गाड़ी में फंसे सवारी और चालक को निकाला। इस घटना में एक बच्‍चा सहित तीन महिलाएं घायल हो गईं। उन्‍हें इलाज के लिए रेफरल अस्‍पताल भेजा गया।

घटना शनिवार शाम 4 बजे झारखंड के गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत गोसांग गांव स्थित बजरंग बली मंदिर के समीप खरसोता-कसनप मुख्य सड़क पर घटी। यहां एक कमांडर जीप (BR24 P 7191) दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जीप गढ़वा से पतरिया जा रहा था। इस घटना में एक बच्चा सहित तीन महिलाएं घायल हो गयीं। घायलों में पतरिया गांव की 40 वर्षीया कविता देवी, सेतो गांव निवासी 25 वर्षीय रिंकी देवी, 60 वर्षीय प्रेमन देवी और 4 वर्षीय अंकुश कुमार शामिल हैं।

घायल कविता देवी मझिआंव से और रिंकी एवं प्रेमन गढ़वा से आ रही थी। गाड़ी चालक सह मालिक बसंत पांडेय ने बताया कि सड़क पर बड़ा स्‍पीड ब्रेकर होने से गाड़ी की स्टेयरिंग फेल हो गयी। गाड़ी की स्टेयरिंग फेल होने से वह सड़क से आठ फीट नीचे धान के खेत में जाकर पलट गई। कविता देवी का एक पैर टूट गया। अन्य दो महिलाओं को भी पैर में चोट आयी है।

ग्रामीणों ने जीप को सीधा कर उसमें से सवारी और चालक को बाहर निकाला। ग्रामीणों ने 108 एम्बुलेंस को सूचना दे दी है। एक घंटा बाद भी एंबुलेंस घटना स्थल पर पहुंची। उससे सभी घायलों को रेफरल अस्पताल मझिआंव ले जाया गया। घटना स्थल पर पुलिस नहीं पहुंची थी।