अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार

अपराध झारखंड
Spread the love

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। लोहरदगा थाना पुलिस ने बुधवार  को अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह के चार गुर्गों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। चोरी की चार बाइक भी जब्त की है।

थाना प्रभारी मंटू कुमार ने बताया कि गिरफ्तार बाइक चोर गिरोह का मुख्य सरगना शैलेश कुमार साहू जिले के राधानगर बरवाटोली का निवासी है। अन्य गुर्गो में विशेष भगत लोहरदगा थाना क्षेत्र के  ईटा गांव रहने वाला है। सूरज उरांव जिला रांची का निवासी और प्रीतम लोहरा जिला रांची का निवासी है।

थाना प्रभारी ने बताया कि सबसे पहले शैलेश कुमार साहू को  गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर अन्य सभी बाइक चोरों को धर दबोचा गया। गिरफ्तार किए गए बाइक चोरों की निशानदेही पर चोरी की चार बाइक को बरामद किया गया। मुख्य सरगना ने गिरोह के गुर्गे विशेष भगत, सूरज उरांव एवं प्रीतम लोहरा के हाथों चोरी की बाइक को बेचा था।

थाना प्रभारी ने बताया कि गिरोह के पर्दाफाश करने को लेकर पुलिस अधीक्षक प्रियंका मीना द्वारा छापेमारी टीम गठित की गई थी। इसमें थाना प्रभारी लोहरदगा मंटू कुमार के साथ एएसआइ उपेंद्रनाथ राम, सुकू सोरेन, रामचंद्र मांझी, उमेश चौधरी के साथ पुलिस बल शामिल रहे थे।