मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर के मनियारी में एनएच 28 पर तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार दो युवकों को अहले सुबह रौंद दिया।
मौके पर ही एक ही मौत हो गयी। वहीं दूसरा गम्भीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर मनियारी थाना के दारोगा उमाकांत सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। घायल युवक को एसकेएमसीएच भेजा गया। मृतक को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल भेज दिया गया। मृतक के पास से आधार कार्ड का जेरोक्स मिला है। उससे उसकी पहचान समस्तीपुर के संजीव कुमार झा (33) के रूप में हुई है। वहीं घायल का नाम नहीं पता लगा है।
बताया गया कि बाइक सवार दोनों युवक समस्तीपुर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक में जोरदार टक्कर मारी, जिससे दोनों युवक सड़़क पर काफी दूर जा गिरे। इससे एक की मौके पर ही मौत हो गयी। घटना के बाद कंटेनर लेकर चालक भाग निकला। स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गयी। घटना से गुस्साये लोगों ने हल्ला हंगामा करना शुरू कर दिया। लोग तेज़ रफ़्तार वाहनों पर लगाम कसने की मांग करने लगे। हालांकि, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी का शांत कराया।
पुलिस द्वारा मृतक और घायल के परिजन को सूचना दी गयी है। वे लोग वहां से निकल चुके हैं। थानेदार अजय पासवान ने बताया कि घायल का बयान दर्जन करने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी स्थिति भी नाजुक है। वह बयान देने की हालत में नहीं है। परिजन के आने पर उनका बयान दर्ज किया जायेगा।