बड़ी खबरः झामुमो ने अपने 9 केंद्रीय सदस्यों को छह वर्ष के लिए पार्टी से निकाला, जानें वजह

Uncategorized
Spread the love

रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। पार्टी में कुछ ऐसे भी लोग हैं, जिनके बड़बोलेपन की वजह से संगठन को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। अब ऐसे लोगों पर गाज गिरनी शुरू हो गयी है। इसी कड़ी में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने पार्टी के नौ केंद्रीय सदस्यों को 6 वर्ष के लिए पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। पार्टी ने उन्हें अनुशासनहीनता के आरोप में पार्टी से निष्कासित किया है।

यह कार्रवाई विभिन्न समाचार पत्रों एवं मीडिया और पार्टी के विधायक एवं मंत्री हफीजुल हसन के मौखिक वार्तालाप तथा चतरा जिला समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्रवाई की गई है। इस संबंध में पार्टी महासचिव विनोद कुमार पांडे के हस्ताक्षर से पत्र जारी किया गया है।

पत्र में विनोद कुमार पांडे ने बताया कि 23 सितंबर को केंद्रीय सदस्य संतोष नायक एवं मनोज कुमार राणा तथा कैलाश सिंह, दिनेश पांडे, जगदीश यादव, रविंदर सिंह, धनेश्वर गंजू, संगीता पाठक, पंकज मिश्रा के साथ-साथ चतरा जिला समिति द्वारा पूर्व में निष्कासित राजकिशोर कमल, प्रकाश राम पासवान एवं राजेश कुशवाहा द्वारा झारखंड सरकार के मंत्री और विधायक हाफिज उल हसन के कार्यक्रम के दौरान उनके विरुद्ध निजी स्वार्थ में अमर्यादित नारेबाजी की गई, जो संगठन की मर्यादा को धूमिल करता है। पार्टी के संविधान के विरुद्ध किया गया यह कार्य है यह इनके अनुशासनहीनता को प्रमाणित करता है।

पार्टी महासचिव विनोद पांडे के अनुसार केंद्रीय सदस्य संतोष नायक, मनोज राणा, कैलाश सिंह, दिनेश पांडे, जगदीश यादव, रविंद्र सिंह, धनेश्वर गंजू, संगीता पाठक और पंकज मिश्रा को पार्टी के सांगठनिक पद से पदमुक्त करते हुए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया गया है। साथ ही साथ चतरा जिला समिति के द्वारा पूर्व में निष्कासित राजकिशोर कमल, प्रकाश राम पासवान और राजेश कुशवाहा के जिला समिति द्वारा निष्कासन को अनुमोदित कर दिया गया है।