रांची। राजधानी रांची के कांंके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास में सीएम हेमंत सोरेन से बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने औपचारिक भेंट की।
उनके साथ झारखंड के श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता भी मौजूद थे। इस दौरान तेजस्वी ने हेमंत के साथ कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। कोरोना काल से लेकर अब तक केंद्र सरकार के स्तर से मिले सहयोग पर आंशिक चर्चा की। तेजस्वी ने निराशा जताते हुए कहा कि केंद्र ने राज्य को अब तक अपेक्षित सहयोग नहीं दिया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर से मुलाकात के क्रम में तेजस्वी ने ठाकुर को नयी जिम्मेदारी के लिये शुभकामनाएं दीं। उम्मीद जतायी कि राजेश ठाकुर अपने नेतृत्व में झारखंड में कांग्रेस को नयी ऊंचाईयों पर ले जायेंगे। साथ ही तेजस्वी ने उनके साथ झारखंड में यूपीए की और प्रभावी भूमिका, जनहित के मुद्दों पर भी बात की।
इस दौरान ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण के मुद्दे पर भी दोनों नेताओं के बीच चर्चा हुई। यहां बता दें कि तेजस्वी यादव दो दिवसीय दौरे पर 18 सितंबर को रांची पहुंचे हैं। रविवार को वे प्रदेश राजद के कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी को झारखंड में और बेहतर करने का मंत्र देंगे।