झारखंड के 3 स्वयंसेवकों को राष्ट्रपति ने राष्ट्रीय सेवा योजना पुरस्कार से किया सम्मानित

देश नई दिल्ली
Spread the love

नई दिल्‍ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रीय सेवा योजना पुरस्कार शुक्रवार को प्रदान किए गए। वर्चुअल माध्यम से राष्ट्रपति भवन से 2019-20 के लिए दिए गए राष्ट्रीय सेवा योजना पुरस्कार में झारखंड के 03 लोगों को भी सम्मानित किया गया है।

संत कोलंबस कॉलेज, हजारीबाग की राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ सरिता सिंह को एक मजबूत स्वयंसेवकों की टीम बनाने के लिए सम्‍मानित किया गया। डॉ सिंह ने स्वच्छता अभियान, रक्तदान, स्वास्थ्य जागरुकता बढ़ाने, गरीबों के बीच कपड़ों, मुहल्लों में बाल विवाह के विरुद्ध, दिव्यांगजन की सहायता के लिए  जागरुकता अभियान का सफलतापूर्वक आयोजन किया।

राहुल राज, बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान, मेसरा, रांची के राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयंसेवक राहुल राज को भी उनके उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय समाज सेवा के लिए 2019-20 के राष्ट्रीय सेवा योजना पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। राज ने संस्थान के आसपास के गांवों के बीपीएल परिवारों के 21 बच्चों को पढ़ाया। साथ ही, महिला और लड़कियों को स्वच्छता और साफ सफाई के बारे में जागरूक किया। सैनिटरी नैपकिन भी वितरित कराए। 

संत कोलंबा कॉलेज, हजारीबाग की सुश्री अनामिका गोप को गरीब बच्चों को शिक्षित करने के लिए डिजिटल साक्षरता की तरफ रुख करने के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने समय-समय पर रक्तदान शिविर, गरीबों के लिए वस्त्र दान और स्वास्थ्य शिविरों का भी आयोजन कराया।

युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक भी नई दिल्ली में सुषमा स्वराज भवन में आयोजित समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि एनएसएस का लक्ष्य महात्मा गांधी के आदर्शों से प्रेरित है।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि पुरस्कार पाने वालों में एक तिहाई महिलाओं का होना दर्शाता है कि राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका बहुत ही व्यापक और सशक्त है।

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों, कार्यक्रम अधिकारियों, राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाइयों तथा विश्वविद्यालयों/+2 परिषदों द्वारा की गई स्वैच्छिक सेवा को मान्यता प्रदान करने के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना पुरस्कार वर्ष 1993-94 में आरंभ किए गए थे। तभी से यह पुरस्कार प्रति वर्ष विभिन्न स्तरों पर दिए जाते हैं।