Big News : नक्‍सली मुठभेड़ में घायल झारखंड जगुआर के डिप्टी कमांडेंट की मृत्‍यु

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

लातेहार। झारखंड के लातेहार में हुए नक्‍सली मुठभेड़ में घायल डिप्‍टी कमांडेंट का अस्‍पताल में इलाज के दौरान मृत्‍यु हो गया। घायल होने के बाद इलाज के लिए उन्‍हें हेलीकॉप्‍टर से लाकर मेडिका में भर्ती कराया गया था। मुठभेड़ में एक नक्‍सली भी ढेर हो गया है।

जानकारी के मुताबिक लातेहार थाना क्षेत्र स्थित नवागढ़ जंगल में मुठभेड़ हुई थी। इसमें एक नक्सली ढेर हो गया था। मुठभेड़ में झारखंड जगुआर के डिप्टी कमांडेंट राजेश कुमार घायल हो गए थे। घायल डिप्टी कमांडेंट को इलाज के लिए रांची के मेडिका में भर्ती कराया गया था। यहां उनकी मृत्य हो गई।

मुठभेड़ के बाद सर्च ऑपरेशन के दौरान एक एके-47 मिला है। पुलिस पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च अभियान में जुटी है। मुठभेड़ में घायल डिप्‍टी कमांडेंट को गोली लगी थी। मुठभेड़ में दोनों ओर से ताबड़तोड़ गोलियां चली थीं।

पुलिस को पुख्‍ता सूचना मिली थी कि जंगल में जेजेएमपी के उग्रवादी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के इरादे से जमा हो रहे हैं। सूचना मिलते ही जिला पुलिस और झारखंड जगुआर की एक टीम गठि‍त की गई। गठित टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी।

इसी दौरान पुलिस को देखते ही नक्‍सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुये जवाबी फायरिंग शुरू कर दी थी।

मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि लातेहार क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन के दौरान घायल हुए झारखंड जगुआर के डिप्टी कमांडेंट राजेश कुमार को हमने खो दिया। परमात्मा वीर शहीद जवान की आत्मा को शांति प्रदान कर शोक संतप्त परिवार को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दें।