
पालमू। झारखंड के पलामू के सतबरवा थाना क्षेत्र के सतबरवा चट्टी के बदलाया टोला में शुक्रवार की रात एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
महिला को सोये अवस्था में कनपटी में सटाकर गोली मारी गई। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है, लेकिन पुलिस ने 4 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इसमें एक महिला भी शामिल है। बता दें कि बदलाया टोला में अकलू भुइयां की 35 वर्षीय पत्नी दुखनी देवी की बीती रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। महिला अपने कमरे में सोई थी। इसी बीच उसकी कनपटी में सटाकर गोली मार दी गई। महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर रात में ही ग्रामीण मौके पर जुट गए। पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। शनिवार की सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भेज दिया गया है। महिला के पुत्र पवन कुमार ने बताया कि शुक्रवार की रात्रि 8 बजे के करीब तीन लोग शराब पीने के दौरान झगड़ा कर रहे थे। घटना में इनकी संलिप्तता हो सकती है।
मृत महिला के 4 बच्चे हैं, जिसमें एक पुत्र और तीन नाबालिग बेटियां हैं। पुलिस हत्या में प्रयुक्त किए गए हथियार बरामद करने के लिए कई जगहों पर छापेमारी कर रही है। आशंका है कि महिला की हत्या से पहले उसके साथ गलत कार्य किया गया। हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद इस संबंध में ठोस जानकारी दी जाएगी।
ग्रामीण और पुलिस के अनुसार महिला दुखनी देवी अपने घर पर महुआ की अवैध शराब बेचा करती थी। उसके घर पर हर दिन बड़ी संख्या में लोग शराब पीने भी आया करते थे।