जमशेदपुर। शर्मनाक खबर जमशेदपुर से आयी है।जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र के दलदली गांव में एक 30 वर्षीय महिला के घर में घुसकर उससे सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है।
इस मामले के सामने आते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला का मोबाइल फोन भी छीन ले गए। घटना बीते बुधवार की रात करीब ग्यारह बजे की है। इसे लेकर पीड़िता ने एमजीएम थाना में छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। महिला ने पुलिस को की गई शिकायत में बताया कि बुधवार की रात वह घर में थी। उसी दौरान छह लोग अचानक घर में घुस आये। सबों ने उसे घर में बंद कर दिया। उसके बाद बारी-बारी से छह लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
उसके बाद उसका मोबाइल भी छीनकर भाग गये। घटना की जानकारी महिला ने गांव के लोगों को दी। उसके बाद मामला एमजीएम थाना पहुंचा। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर मामले की जांच की। महिला के मोबाइल के आधार पर आरोपियों का लोकेशन लेने का प्रयास किया जा रहा है। महिला का पति अपनी मां की हत्या के मामले में जेल में बंद बताया जा रहा है। वह घर में अपने दो बच्चों के साथ रहती है। इधर वरीय पुलिस अधिकारियों ने भी महिला से पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी ली है। साथ ही महिला के पास-पड़ोस के रहनेवाले लोगों से भी पुलिस ने पूछताछ की है, ताकि पूरे मामले की जानकारी लेकर आरोपियों की गिरफ्तारी की जा सके।