मुख्यमंत्री सचिवालय के अधिकारी के माता-पिता की गला रेतकर हत्या

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

रांची। झारखंड में अपराध का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है। स्थिति यह हो गयी है कि अब कोई भी अपने को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है।

ताजा उदाहरण यह है कि मुख्यमंत्री सचिवालय में कार्यरत अधिकारी अरविंद कुमार के माता-पिता की गला रेत कर हत्या कर दी गई। पलामू जिला मुख्यालय मेदनीनगर के कुंड मोहल्ला में उनके आवास पर दोनों की लाश अलग-अलग कमरे में पड़ी मिली। सूचना मिलने पर पलामू के एसपी चंदन कुमार सिन्हा डॉग स्क्वायड की मदद से मामले की छानबीन में जुट गए हैं। फिलहाल हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना रात में हुई या सुबह यह भी अभी तक स्पष्ट नहीं है। ये मृतक रिटायर्ड फौजी थे।

पलामू के एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि गुरुवार की सुबह सूचना मिली कि कुंड मोहल्ला में एक बुजुर्ग दंपती की लाश उनके कमरे में पड़ी हुई है। छानबीन के दौरान सामने आया कि बुजुर्ग की लाश बाहर के कमरे में पड़ी थी, जबकि महिला का शव किचन में पड़ा हुआ था। दोनों शव खून से लथपथ पड़े थे। देखने से स्पष्ट हो रहा था कि उनकी हत्या किसी तेज धारदार हथियार से वार कर की गई है। एसपी ने कहा कि घटना का इंपैक्ट बता रहा है कि घर के अंदर हत्या करने की नीयत से ही अपराधी घुसे। हालांकि, कमरे की अलमीरा तोड़ी गई है, लेकिन बुजुर्ग दंपती पर जिस तरह से वार किए गए हैं, उससे प्रतीत होता है कि किसी दुश्मनी की वजह से गुस्से में हत्या की गई है।

एसपी ने कहा कि इस कांड को उन्होंने सर्वोच्च प्राथमिकता देकर छानबीन शुरू की गई है। एक्सपर्ट की टीम रांची से पहुंच रही है। घटनास्थल से सारे एविडेंस कलेक्ट करने के बाद सील हटाई जाएगी। परिजनों से बुजुर्ग दंपती की रूटीन की जानकारी ली गई है। पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उनकी रूटीन में क्या क्या था। कैसे लोगों से मिलना जुलना होता था। किसी तरह की कोई पुरानी दुश्मनी थी या नहीं। उन्होंने कहा कि पूरे मामले को पारदर्शी तरीके से हैंडल किया जा रहा है। किसी कीमत पर आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।