औरंगाबाद में सड़क किनारे बैठीं छह महिलाओं को तेज रफ्तार जीप ने रौंदा, इतनो की मौत

अपराध बिहार
Spread the love

यातायात नियमों का पालन नहीं करना अपने आप और दूसरों पर कितना भारी पड़ सकता है यह आये दिन देखने को मिलता है। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-139 पर औरंगाबाद मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में कठौतियां मोड़ के पास शुक्रवार को एक तेज रफ्तार जीप ने 6 महिलाओं को रौंद डाला।

हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन की हालत गंभीर है। हादसे के बाद वाहन चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक 6 महिलाएं खेत में काम करने के बाद सड़क किनारे सुस्ता रही थीं। इसी दौरान औरंगाबाद-पटना हाईवे पर तेज रफ्तार से आ रही जीप 6 महिलाओं को रौंदते हुए निकल गई।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ गई। लोगों ने आनन-फानन में तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। मृतकों की पहचान कठौतिया निवासी रामाधार पासवान की पत्नी मुन्नी देवी (40 साल), विजय पासवान की पत्नी राममुन्नी देवी (35 साल) और बेटी ज्योति कुमारी (8 साल) के रूप में की गई है।

हादसे में उर्मिला देवी और रुक्मिणी देवी गंभीर रूप से घायल हुई हैं। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने एनएच-139 को जाम कर दिया। आक्रोशितों ने जमकर बवाल मचाया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और तमाम बिंदुओं पर छानबीन शुरू कर दी है।