गया में बेखौफ अपराधियों ने 20 साल के युवक की खंजर मारकर कर दी हत्या

अपराध बिहार
Spread the love

गया। बिहार के गया के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नौरंगा गांव के रहने वाले अशोक वर्मा के लड़के को बेखौफ अपराधियों ने चाकू मार कर मौत के घाट उतार दिया। उसका शव घर से महज 400 मीटर की दूरी पर फेंका पड़ा मिला।

अशोक वर्मा का लड़का विक्रम शनिवार की रात करीब आठ बजे घर से निकला था। उसने घरवालों को कहा था कि रविवार की सुबह सब्जी तोड़ने खेत पर जाना है, हम घर वापस जल्दी आ जाएंगे। लेकिन देर रात तक जब विक्रम नहीं लौटा, तो उसके घरवालों की चिंता बढ़ी। घरवालों ने उसके मोबाइल पर फोन किया, तो वह स्वीच ऑफ मिला। उन्होंने आसपड़ोस व विक्रम के दोस्तों के बीच छानबीन की, पर कहीं से कोई जानकारी नहीं मिली। थक हार कर घरवाले अपने घर चले गए।

सुबह जब गांव के लोग खेत की ओर निकले, तो विक्रम के घर से महज 400 मीटर की दूरी उसका लहुलूहान शव खेत में पड़ा मिला। गांव वालों ने देखा कि उसके बदन पर कई जगह खंजर के जख्म बने हैं। जिस जगह पर बॉडी पड़ी थी और उसके 100 मीटर की दूरी में खून के कई जगह निशान पड़े थे। ऐसा मालूम हो रहा था कि विक्रम व अपराधियों के बीच जमकर संघर्ष भी हुआ है। वहां झाडियां व घास सभी दबे पड़े थे और उन पर खून के निशान पड़े थे। यही नहीं जिस स्थान पर उसकी बॉडी पड़ी थी, वहां एक अंगूठी भी गिरी पड़ी थी। वह अंगूठी किसकी है। यह फिलहाल पता नहीं चल सका है।

थाना इंस्पेक्टर पंकज सिंह ने बताया कि संबंधित मामले में छानबीन शुरू कर दी गई है। हत्या किस वजह से हुई और अपराधी कौन हैं इस बात की गहनता से तलाश की जा रही है। फिलहाल पीड़त पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं आई है।