बेखौफ अपराधियों ने डीआईजी ऑफिस के पास प्रॉपर्टी डीलर को गोलियों से भूना

अपराध बिहार
Spread the love

भागलपुर। भागलपुर जिले के बरारी थाना क्षेत्र में डीआईजी कार्यालय के पास बेखौफ अपराधियों ने प्रॉपर्टी डीलर मोहम्मद रिजवान परवेज की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के रिकाबगंज निवासी मोहम्मद जलालुद्दीन का पुत्र था। मोहम्मद रिजवान परवेज जमीन कारोबारी थे और वे एक गर्ल्स हॉस्टल के संचालक भी थे। घटना सोमवार शाम की है।

मृतक के भतीजे विक्की खान ने बताया कि खंजरपुर में किसी से मिलना था, यह पूर्व से निर्धारित था। रिजवान परवेज ने विक्की को रविवार की शाम को ही बताया था कि किसी दूसरे काम में व्यस्त मत होना। किसी से मिलने जाना है। हालांकि, किससे मिलना था यह जानकारी नहीं दी थी। हत्या के पीछे पुश्तैनी जमीन विवाद का मामला बताया जा रहा है।। खंजरपुर स्थित डीआईजी गली में मोहम्मद रिजवान परवेज और विक्की दोनों एक ही बाइक से पूर्व निर्धारित समय पर उक्त स्थल पर पहुंचे। वहां पहुंचने के बाद रिजवान ने फोन करके दो लोगों को बुलाया। इन्हीं दोनों ने रिजवान को गोली मार दी।

विक्की ने बताया कि रिजवान उससे कुछ दूर हटकर गली में ही बात कर रहे थे। जब तक वह वहां पहुंचा, दोनों फरार हो चुके थे। घटना की सूचना मिलने के बाद बरारी थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।