देश के साथ झारखंड की शिक्षा व्यवस्था में तेजी से सुधार का प्रयास होगा : अन्नपूर्णा देवी

झारखंड
Spread the love

रांची। केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि हमारा प्रयास होगा कि देश के साथ झारखंड की शिक्षा व्यवस्था में भी तेजी से सुधार हो। शिक्षा संविधान की समवर्ती सूची में शामिल है। भारत सरकार राज्य को हर संभव सहायता के लिये तत्पर है। वह 18 अगस्त को रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस से बात कर रही थी।

श्रीमती अन्नपूर्णा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास का मंत्र दिया ही नहीं, बल्कि लगातार इसकी सिद्धि की दिशा में प्रयास भी किया। यह मंत्र सरकार की योजनाओं में झलकता है। मंत्रिमंडल में और पार्टी में भी झलकता है। मजबूत और नेक इरादों से ही मजबूत भारत बनाया जा सकता है। संकीर्ण मानसिकता, परिवारवाद, तुष्टिकरण के बल पर लोकतंत्र मजबूत नहीं हो सकता। आज केंद्रीय मंत्रिमंडल में संपूर्ण भारत समाया हुआ है।

राज्यमंत्री ने कहा कि देश के हर वर्ग, समाज, समुदाय, क्षेत्र को लग रहा कि यह मंत्रिमंडल हमारा है। हम सब मिलकर एक मजबूत भारत, आत्म निर्भर भारत के निर्माण में जुटे है। केंद्रीय मंत्रिमंडल में ओबीसी समाज से 27 , एसटी समाज से 08, एससी समाज से 12, महिला वर्ग से 11 मंत्री है। पहली बार झारखंड की कोई बेटी केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल हुई है।

श्रीमती अन्नपूर्णा ने कहा कि कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत सरकार महिला सशक्तिकरण की दिशा में अनेक कार्य कर रही है। उसी प्रकार आदिवासी, दलित, पिछड़ा सभी समाज को नए भारत के निर्माण में सहभागी बनाया जा रहा है।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने केंद्रीय राज्यमंत्री का पटका पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चल रही जन आशीर्वाद यात्रा ऐतिहासिक है। यह प्रदेश के 9 जिलों, 5 लोकसभा क्षेत्रों में 428 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

प्रकाश ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार आदिवासी समाज के 8 मंत्री केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किए गए है। अटल सरकार में आदिवासी मंत्रालय का गठन हुआ। ये हमारी पार्टी की प्रतिबद्धता है। आदिवासी समाज के सर्वांगीण विकास की सोच है।

मौके पर प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू, यात्रा प्रभारी बालमुकुंद सहाय भी उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि पूरे देश में नवनियुक्त केंद्रीय मंत्रियों की जन आशीर्वाद यात्रा चल रही है। यह मंत्रिमंडल एक गुलदस्ते की तरह है, जिसमें सभी जाति, वर्ग, समाज, पंथ का प्रतिनिधित्व है।