दिल्‍ली पुलिस ने 14 साइबर अपराधी पकड़े, नौ राज्‍यों से ठगे थे 1.20 करोड़, ये था तरीका

अपराध देश नई दिल्ली मुख्य समाचार
Spread the love

नई दिल्‍ली। दिल्ली के साइबर सेल ने छापेमारी कर झारखंड के जामताड़ा से 14 साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। इन्‍होंने देश के 9 राज्‍यों से 1.20 करोड़ रुपये की ठगी की थी। पूछताछ में उनके ठगी का तरीका सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई थी।

दिल्ली पुलिस साइबर सेल के डीसीपी अन्येश रॉय ने बताया कि साइबर प्रहार पार्ट-2 में हमने साइबर क्राइम के हॉटस्पॉट जामतारा बेल्ट को निशाना बनाया। इसमें जामतारा, देवघर, गिरिडीह, जमुई है। हमने बड़े पैमाने पर एक्शन लिया है। वहां से 14 लोगों को गिरफ्तार किया है, जो फ्रॉड का  बहुत बड़ा गैंग चला रहे थे।

पुलिस के मुताबिक ये यूपीआई पेमेंट से संबंधित फ्रॉड करते हैं, जिसमें तकनीकी के इस्तेमाल से लोगों पर दबाव बनाते हैं कि वे यूपीआई पेमेंट कर दें। इसके लिए वे केवाईसी अपडेशन के नाम पर, सिम या बैंक अकाउंट ब्लॉक कराने के नाम पर फ्रॉड करते हैं। उन्होंने इसमें तकनीकी का इस्तेमाल बढ़ा दिया है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी अस्थायी साइट्स और बैंकों के एप्स तक बना ले रहे हैं। 9 राज्यों के 36 मामलों में इन्होंने 1.2 करोड़ रुपये चीट किया है। इन्होंने बताया है कि हर दिन 40-50 लोगों को कॉल करते थे। इसमें 4-5 लोगों को शिकार बनाते थे। हर दिन करीब 1-1.5 लाख रुपये चीट करते थे।