प्रदेश कांग्रेस ने उत्तराखंड दौरे पर आए फरीदाबाद के पार्टी विधायक पंडित विजय नीरज शर्मा की पत्रकार वार्ता में सभी को हैरान कर दिया। सबने सोचा कि वे प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा की मजम्मत करेंगे और दिल्ली से यूपी और उत्तराखंड सरकार के खिलाफ हमला बोलेंगे।
लेकिन पार्टी विधायक ने प्रेस कांफ्रेंस में आए पत्रकारों को रामकथा सुना डाली। कांग्रेस नेता भी हैरान-परेशान दिखे। कांग्रेस भवन में हुई इस प्रेस वार्ता में विधायक ने रामायण के कुछ प्रसंग सुनाए। जब उनसे पूछा गया कि उनका वार्ता करने का मुख्य उद्देश्य क्या है तो उन्होंने कहा कि मैं किसी पर भी प्रहार नहीं करता हूं। जहां भी जाता हूं, कांग्रेस पार्टी के दफ्तर में जरूर जाता हूं। कहा कि मेरी रामकथा अगर पसंद आई तो बहुत अच्छी बात है, दोबारा बुला लेना।
नहीं पसंद आई तो तुलसीदास लिखकर गए हैं, जाकी रही भावना जैसी। सरकार पर उन्होंने सिर्फ यही तंज किया कि बार-बार मुख्यमंत्री बदलने से राज्य का बदलाव नहीं होगा। इनको सद्बुद्धि आए। उन्होंने कहा कि अंगद के पांव की तरह मजबूत राज्य सिर्फ कांग्रेस पार्टी ही दे सकती है।