
हाजीपुर। हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र के रामभद्र मोहल्ले में गुरुवार को छेड़खानी के विरोध में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते दोनों ओर से पथराव होने लगा।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस पर भी लोगों ने पथराव कर दिया। इसके बाद कई थानों की पुलिस पहुंची। इसके बाद उपद्रवी भागे। वहां स्थिति तनावपूर्ण बनी है। पुलिस कैंप कर रही है। बताया जाता है कि एक लड़की के साथ पहले छेड़खानी की घटना हुई थी। इसकी शिकायत थाने में की गई थी। आरोप है कि थाने में शिकायत के बावजूद न पुलिस ने एक्शन लिया और न मनचलों का हौसला कमजोर पड़ा। आज सुबह फिर लड़की के साथ वैसी ही घटना हुई।
इसके बाद दोनों पक्षों में पथराव शुरू हो गया। बताया जाता है कि इस दौरान दोनों पक्षों ने जमकर हवाई फायरिंग भी की। करीब आधे घंटे के लिए पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। पुलिस अधिकारी और स्थानीय प्रबुद्ध लोग मामला को शांत कराने के प्रयास में जुटे हैं। फिलहाल वहां एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस कैंप कर रही है। घटना में दोनों पक्षों के एक दर्जन लोग घायल हैं। पुलिस उपद्रवियों की शिनाख्त में जुट गई है।