- पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम के 5 विद्यालयों का शिलान्यास 3 और 4 जुलाई को
सरायकेला-खरसावां। जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा झारखंड में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों की आधारशिला रखेंगे। इसकी शुरुआत 3 एवं 4 जुलाई को पश्चिम और पूर्वी सिंहभूम से होगी।
मुंडा 3 जुलाई को सरायकेला खरसावां के राजनगर प्रखंड के खैरबानी में सुबह 11 बजे आधारशिला रखेंगे। उसी दिन अपराह्न 3 बजे हाट गम्हरिया प्रखंड के सियालजोड़ी गांव में और मझगांव प्रखंड के हल्दिया में अपराह्न 4 बजे एकलव्य विद्यालय की आधारशिला रखेंगे। पूर्वी सिंहभूम के गुड़ाबांधा प्रखंड के हतीआपता गांव में 4 जुलाई को अपराह्न 12.30 बजे और धालभूमगढ़ के घोरधुआं में अपराह्न 3.30 बजे एकलव्य विद्यालय की आधारशिला रखेंगे।
ज्ञात हो कि एकलव्य स्कूलों की शुरुआत 1997-98 में अनुसूचित जनजाति छात्रों (कक्षा 6 से 12 वीं) के लिए प्राथमिक से लेकर 12वीं स्तर की शिक्षा प्रदान करने के लिए की गई थी। इसके पीछे उद्देश्य उन्हें सर्वश्रेष्ठ तक पहुंचने में सक्षम बनाने का है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने इसे और बेहतर बनाने के लिए 2018-19 के केंद्रीय बजट में घोषणा की कि 50% से अधिक एसटी आबादी और कम से कम 20,000 आदिवासी व्यक्तियों वाले प्रत्येक ब्लॉक में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय होगा। सरकार ने देश भर में 452 नए स्कूल स्थापित करने का निर्णय लिया है।
नवोदय विद्यालय की तर्ज पर एकलव्य स्कूलों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जायेगा। इसके तहत राज्य में एक पहचाने गए व्यक्तिगत खेल और एक समूह के खेल के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी। खेल के लिए इन सीओई में भारतीय खेल प्राधिकरण के मानदंडों के अनुसार अत्याधुनिक प्रशिक्षण, विशेष प्रशिक्षण, बोर्डिंग और ठहरने की सुविधा, खेल किट, खेल उपकरण, प्रतियोगिता प्रदर्शन, बीमा, चिकित्सा व्यय आदि के साथ-साथ अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होगी।